राष्ट्रीय जल पुरस्कारों में महाराष्ट्र ने मारी बाजी, दूसरे और तीसरे स्थान पर ये राज्य, CM फडणवीस हुए गदगद

6th National Water Awards Winner: छठवें राष्ट्रीय जल पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा हो गयी है। जिसमें सर्वश्रेष्ठ राज्य श्रेणी में महाराष्ट्र अग्रणी रहा है।

केंद्र सरकार ने छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा कर दी है। साल 2024 के राष्ट्रीय जल पुरस्कारों में महाराष्ट्र को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य का खिताब मिला है। जल संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों, जिलों और संस्थानों को सम्मानित करने के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 के विजेताओं की घोषणा की। यह घोषणा मंगलवार को नई दिल्ली स्थित श्रम शक्ति भवन में की गई।

जल शक्ति मंत्रालय ने इस बार कुल 46 विजेताओं की घोषणा की है, जिनमें कुछ संयुक्त विजेता भी शामिल हैं। ये पुरस्कार 10 प्रमुख श्रेणियों में दिए जाएंगे, जिसमें सर्वश्रेष्ठ राज्य, सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत, सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय, सर्वश्रेष्ठ विद्यालय/महाविद्यालय, सर्वश्रेष्ठ उद्योग, सर्वश्रेष्ठ जल उपयोगकर्ता संघ, सर्वश्रेष्ठ संस्थान (शैक्षणिक संस्थानों के अलावा), सर्वश्रेष्ठ नागरिक समाज संगठन और जल क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति शामिल है।

महाराष्ट्र ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ राज्य का पहला स्थान हासिल किया है। जबकि गुजरात को दूसरा और हरियाणा को तीसरा स्थान दिया गया है। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र और चयनित श्रेणियों में नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

वहीं, महाराष्ट्र के ठाणे जिले के नवी मुंबई नगर निगम (NMMC) ने छठें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 में ‘शहरी स्थानीय निकाय’ श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। जबकि सर्वश्रेष्ठ जल उपयोगकर्ता संघ श्रेणी में कनिफनाथ डब्ल्यूयूए (नासिक) को दूसरा स्थान मिला है।

https://x.com/Dev_Fadnavis/status/1988206703259930863?

यह गर्व का क्षण है- फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “पानी के क्षेत्र में महाराष्ट्र ने रचा इतिहास! यह गर्व का क्षण है, छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार में महाराष्ट्र को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य घोषित किया गया है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में महाराष्ट्र ने सतत और नवोन्मेषी जल प्रबंधन में अग्रणी भूमिका निभाई है। राज्य ने अपनी प्रतिबद्धता और प्रयासों से जल समृद्ध भारत की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाया है।”

बता दें कि राष्ट्रीय जल पुरस्कारों की स्थापना जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा पुनर्जीवन विभाग द्वारा की गई है। जल संसाधन विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2024 का पुरस्कार वितरण समारोह 18 नवंबर 2025 को सुबह 11:30 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में होगा, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

यह पुरस्कार 2018 में शुरू किए गए थे, ताकि समाज में जल के महत्व को लेकर जागरूकता फैलाई जा सके और लोगों को जल के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित किया जा सके। वर्ष 2024 के लिए देशभर से कुल 751 आवेदन प्राप्त हुई थे।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x