
SAIF KHAN : मीरा-भायंदर महानगरपालिका (एमबीएमसी) ने मंगलवार को नयानगर इलाके में अवैध रूप से संचालित एक गोमांस दुकान पर कड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर पूरे ढांचे को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से अनधिकृत निर्माण और गैरकानूनी व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन का सख्त संदेश सामने आया है। यह कार्रवाई प्रभाग क्रमांक 5 के प्रभाग अधिकारी जितेंद्र कांबले के प्रत्यक्ष नेतृत्व में की गई। अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से नागरिकों की शिकायतें मिल रही थीं और संबंधित दुकान लगातार नागरिक नियमों, खाद्य सुरक्षा मानकों और सार्वजनिक स्वास्थ्य नियमों का उल्लंघन कर रही थी। टिनशेड, लोहे के फ्रेम और अस्थायी दुकान संरचना को कुछ ही मिनटों में जमीनदोस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया था। महानगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बावजूद दुकान नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित की। जा रही थी। एमबीएमसी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध मांस बिक्री और अनधिकृत निर्माण के प्रति शून्य सहनशीलता नीति अपनाई गई है और आने वाले दिनों में शहर के अन्य ऐसे प्रतिष्ठानों पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘महानगरपालिका प्रशासन सार्वजनिक स्वास्थ्य, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। किसी भी अवैध गतिविधि के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।’ महानगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में संचालित अनधिकृत व्यवसायों की सूचना दें, ताकि मीरा-भायंदर में कानून और नागरिक व्यवस्था बनाए रखी जा सके।







